
धोरैया (बांका)। केंद्र सरकार के बदलाव को लेकर आगामी एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में भाकपा कार्यकर्ताओं द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर शनिवार को धोरैया में पदयात्रा निकाली गई। पूर्व विधान पार्षद एवं भाकपा नेता संजय कुमार के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
भाकपा नेता संजय कुमार ने बताया कि पार्टी की ओर से छह अगस्त से पदयात्रा की शुरुआत की गई है, जो 15 अगस्त तक चलेगी। पदयात्रा के दौरान कार्यकर्ता गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क कर उनकी समस्याओं से भी रूबरू हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि पदयात्रा समाप्त होने के बाद एक सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में लाखों की संख्या में भाकपा सहित उसके समर्थित अन्य दलों के कार्यकर्ता केंद्र सरकार के बदलाव के विरोध में प्रदर्शन करेंगे। इस कार्यक्रम में सीपीआई के राष्ट्रीय महासचिव डी. राजा सहित केंद्रीय नेतृत्व के अन्य नेता भी शामिल रहेंगे।
संजय कुमार ने कहा कि प्रदर्शन को यादगार बनाने के लिए बांका और भागलपुर से हजारों कार्यकर्ता 29 अगस्त को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर गरीब और किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूंजीपतियों की इस सरकार में आम लोगों के साथ-साथ छात्रों का भविष्य भी बर्बाद हो रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्रों की परीक्षा से पहले पेपर लीक होना कोई पहली घटना नहीं है, बल्कि यह 153वीं घटना है। देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है। वहीं दुष्कर्म और हत्या जैसी घटनाओं पर सरकार का नियंत्रण नहीं रहने के कारण महिलाएं खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
भाकपा नेता ने बिहार की भाजपा-जदयू सरकार पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि निर्दोषों की हत्या कर उन्हें अपराधी बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रखंड में बिचौलियों का बोलबाला है। सहयोग शिविर के नाम पर गरीबों से आवेदन लेने के बावजूद मामलों का निष्पादन नहीं हो पा रहा है।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान लगातार गांवों का भ्रमण किया जा रहा है और इस दौरान आम लोगों की समस्याओं की जानकारी ली जा रही है।
पदयात्रा में जिलामंत्री मुनिलाल पासवान, गौतम कुमार सिंह, भूमेश्वर यादव, रामजी पासवान, श्याम यादव, संतसेवक राय सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
