
धोरैया (बांका): धनकुंड थाना क्षेत्र के काठबनगांव स्थित बीरबलपुर पंचायत सरकार भवन के पीछे बहने वाली लाड़न नदी में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। नदी किनारे बने गाइड वॉल पर खेल रहे 8 वर्षीय मासूम का अचानक पैर फिसल गया, जिससे वह नदी में जा गिरा। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, काठबनगांव निवासी मोहम्मद अशफाक का लगभग 8 वर्षीय पुत्र अयान अपने कुछ दोस्तों के साथ नदी किनारे खेल रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे नदी में गिर गया। हादसा होते ही साथ मौजूद बच्चों ने गांव पहुंचकर शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।
ग्रामीणों ने तत्काल नदी में उतरकर मासूम की तलाश शुरू की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी (सीओ) अनुज कुमार झा और धनकुंड थानाध्यक्ष सूरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे तथा पूरे मामले की जानकारी ली।
घटना की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता मुशाहिद आलम, पंचायत समिति सदस्य मोहम्मद अलीम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की मौजूदगी में लगातार खोजबीन जारी रही, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी।

सीओ अनुज कुमार झा ने बताया कि मासूम की तलाश के लिए एसडीआरएफ (SDRF) टीम को सूचना दे दी गई है। टीम के पहुंचते ही नदी में विशेष अभियान चलाकर बच्चे की खोज की जाएगी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और सभी की निगाहें राहत एवं बचाव दल की कार्रवाई पर टिकी हैं।
