
बांका | धोरैया: धोरैया थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में सोमवार को वज्रपात की एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खेत में धान की रोपनी कर रही एक महिला की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान हसनपुर निवासी अख्तर अंसारी की पुत्री गुलिस्ता खातून के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुलिस्ता खातून राजबान बहियार में अन्य महिलाओं के साथ धान की रोपनी कर रही थीं। इसी बीच मौसम ने अचानक करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी। बिजली सीधे उनकी चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गईं। साथ काम कर रही महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुलिस्ता खातून अपने पीछे छह वर्षीय पुत्र अशरफ और तीन वर्षीय पुत्री आश्मा को छोड़ गई हैं। बताया जाता है कि उनका विवाह झारखंड के गोड्डा जिले के बसंतराय थाना क्षेत्र के कुमराकोल गांव निवासी जिब्राइल अंसारी के साथ हुआ था। पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले करीब तीन वर्षों से अपने मायके हसनपुर में रह रही थीं।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष आसिफ अख्तर के निर्देश पर धोरैया पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच करते हुए आगे की कार्रवाई में जुटी है।

