
बांका/धोरैया: बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में गोपालपुर नवादा निवासी एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल की पहचान विपलेश मंडल (45 वर्ष), पिता मानो मंडल, निवासी गोपालपुर नवादा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विपलेश मंडल बाइक से धोरैया से अपने घर गोपालपुर नवादा लौट रहे थे। इसी दौरान धोरैया की ओर जा रहे सीमेंट से लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में विपलेश मंडल का दाहिना पैर टूट गया, जबकि दाहिने हाथ की बाजू बुरी तरह फट गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया पहुंचाया।
अस्पताल में डॉ. दीपक कुमार ने घायल का प्राथमिक उपचार किया। दाहिने हाथ की गंभीर चोट पर टांके लगाए गए तथा टूटे हुए पैर पर कच्ची बैंडेज कर प्राथमिक इलाज किया गया। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए उन्हें भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने सड़क पर सावधानी बरतने और भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण की मांग की है। वहीं, हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
