बांका: बकरी चराने के दौरान नहर में डूबने से 44 वर्षीय महिला की मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

बांका। बिहार के बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत सैनचक पंचायत के वार्ड संख्या-8 में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में 44 वर्षीय बबीता देवी, पति श्याम दास, की नहर में डूबने से मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, बबीता देवी बकरी चराने के लिए नहर किनारे गई थीं। इसी दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नहर में गिर गईं। स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें बाहर निकालकर पंचायत के मुखिया मंटू पासवान, वार्ड सदस्य भगत साह तथा अन्य ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया पहुंचाया।


अस्पताल में डॉ. दीपक कुमार ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही धोरैया थाना पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची। पुलिस ने परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका अपने पीछे 9 वर्षीय पुत्र और 3 वर्षीय पुत्री को छोड़ गई हैं। इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!