
धोरैया (बांका)।
जब सिस्टम दूर लगता है, तब आम आदमी खुद को अकेला महसूस करता है।
लेकिन जब शासन जनता के दरवाज़े तक आता है, तब भरोसा पैदा होता है।
ऐसी ही एक तस्वीर आज रनगांव पंचायत सरकार भवन में देखने को मिली, जहाँ पंचायत स्तर पर समस्या समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई पंचायत की मुखिया श्रीमती मीना देवी ने की। इस दौरान धोरैया प्रखंड से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह कोई औपचारिक बैठक नहीं थी, बल्कि उन लोगों की आवाज़ सुनने का मंच था, जिनकी समस्याएं अक्सर फाइलों में दबकर रह जाती हैं। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से साफ-सफाई अभियान, पेयजल, राशन, पेंशन सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर आवेदन लिए गए। पदाधिकारियों ने समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और समाधान की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिलाया।

मुखिया श्रीमती मीना देवी ने कहा कि पंचायत सिर्फ एक भवन नहीं, बल्कि जनता के विश्वास का केंद्र है। उन्होंने कहा कि जब तक हर गली साफ, हर परिवार सुरक्षित और हर जरूरतमंद को उसका हक नहीं मिलेगा, तब तक पंचायत का उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि यह भारत देश है, जो कभी सोने की चिड़िया कहलाता था। अगर गांव मजबूत होंगे, पंचायत जागरूक होगी, तभी देश फिर से उसी गौरव की ओर बढ़ेगा।
कार्यक्रम में ग्रामीणों की भारी भीड़ इस बात का संकेत थी कि अब लोग चुप नहीं रहना चाहते। जनता जवाब चाहती है, समाधान चाहती है और अपने हक के लिए आवाज़ उठा रही है। ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर हो रहे इस प्रयास की सराहना की और कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आम लोगों को सिस्टम से जुड़ने का भरोसा मिलता है।
अंग संदेश केवल खबर नहीं दिखाता, बल्कि जनता की आवाज़ बनकर सच को सामने लाता है। जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी मजबूती के साथ उठाना ही हमारा उद्देश्य है।
रिपोर्ट – संजीत गोस्वामी
अंग संदेश
अंग की आवाज़ – सच का संदेश
जय हिंद, जय भारत
