
बांका जिला के धौरैया प्रखंड अंतर्गत हिरंम्भी अहीरो पंचायत के ऐठा गांव में बीती रात दिनांक 02 जनवरी 2026 को करीब रात 11:00 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव निवासी स्वर्गीय हतंत राय के पुत्र रामविलास राय के घर में अचानक भयानक आग लग गई, जिसने कुछ ही मिनटों में पूरे घर और पशुशाला को अपनी चपेट में ले लिया।
इस दर्दनाक अग्निकांड में गाय–बछड़ा मिलाकर कुल 8 से 10 मवेशी जिंदा जलकर मर गए। इसके अलावा दो खस्सी और चार मुर्गियां भी आग की भेंट चढ़ गईं।


सबसे मार्मिक दृश्य यह रहा कि एक गाय का पूरा शरीर और आंखें बुरी तरह जल गई हैं, जो अभी किसी तरह जीवित है। उसकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। यह भगवान ही जानें कि वह जीवित रह पाएगी या नहीं।
पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब और मजदूरी पर आश्रित है। यही पशु उनके जीवन-यापन का एकमात्र सहारा थे। एक ही रात में सब कुछ तबाह हो गया। आग की लपटों के साथ परिवार की वर्षों की मेहनत, उम्मीदें और सहारा भी जलकर राख हो गया।

घटना के बाद से पूरा परिवार रो-रो कर बदहवास है। घर में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है।
👉 पीड़ित परिवार ने सरकार और प्रशासन से गुहार लगाई है कि उन्हें शीघ्र मुआवजा और राहत सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे दोबारा जीवन को पटरी पर ला सकें। इस आपदा में यदि समय रहते सरकारी सहयोग नहीं मिला, तो परिवार के सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की त्रासदी है, बल्कि प्रशासन और समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि ऐसे गरीब और असहाय लोगों के लिए आपदा राहत तुरंत पहुँचे।
सरकार से मांग:
पीड़ित रामविलास राय परिवार को अविलंब
आपदा राहत राशि
पशु क्षति का मुआवजा
आवास एवं जीवन-यापन हेतु सहायता
प्रदान की जाए।
रिपोर्टर: संजीत गोस्वामी
बांका जिला
अंग संदेश | अंग की आवाज़ | सच का संदेश
जय हिंद 🇮🇳 | जय भारत 🇮🇳
