पंजवारा थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती के दौरान बड़ा हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर दारोगा की मौत, पुलिस महकमे में शोक

बांका जिला के पंजवारा थाना क्षेत्र से बुधवार देर रात एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। रात्रि गश्ती के दौरान कर्तव्य निभा रहे पंजवारा थाना के अवर निरीक्षक सुरेंद्र कुमार सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। इस घटना से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब 11:40 बजे एसआई सुरेंद्र कुमार सिंह पंजवारा हनुमान मंदिर चौक के समीप रात्रि गश्ती में तैनात थे। इसी दौरान सड़क पार करने के दौरान धोरैया की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार एवं अनियंत्रित ट्रक (BR-19-GA-9309) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि एसआई गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाराहाट पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतक दारोगा सुरेंद्र कुमार सिंह मूल रूप से मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपौल जमुआ गांव के निवासी थे। उनके असामयिक निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है तथा ट्रक चालक श्याम कुमार, पिता मन्नी यादव, निवासी पिपरा डी गांव, भेलार थाना, मधेपुरा जिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


दिवंगत एसआई को पुलिस लाइन में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गई। इस दौरान बांका के पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा स्वयं मौजूद रहे। एसपी ने कहा कि कर्तव्य के दौरान शहीद हुए एसआई के परिजनों को विधि सम्मत सभी सरकारी सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, साथ ही दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी दिया जाएगा।
कर्तव्य निभाते हुए एक जांबाज़ अधिकारी के असमय निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है। पूरा जिला इस दुख की घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के साथ खड़ा है।

जय हिंद जय भारत🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!