धोरैया: मवेशी को चारा देने निकले राजमिस्त्री पर जानलेवा हमला, अधमरा कर हाथ-पांव बांधकर फेंका

धोरैया (बांका)।
धोरैया थाना क्षेत्र के चलना गांव में बुधवार की अहले सुबह करीब तीन बजे अपराधियों ने इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात को अंजाम दिया। गांव के ही राजमिस्त्री राजेश दास पर करीब आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने जानलेवा हमला कर उसे अधमरी हालत में छोड़ दिया। फिलहाल घायल राजमिस्त्री का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश दास मंगलवार की रात करीब 10 बजे ढलाई का काम खत्म कर घर लौटा था। खाना खाने के बाद वह सो गया। बुधवार की अहले सुबह करीब 3 बजे जब वह मवेशियों को चारा देने के लिए घर से बाहर निकला, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उसे दबोच लिया।
पीड़ित ने अस्पताल में होश आने पर बताया कि हमलावरों ने पहचान छिपाने के लिए शरीर पर चादर ओढ़ रखी थी। बदमाश उसे घसीटते हुए घर से कुछ दूरी पर ले गए, जहां उसके हाथ-पांव बांध दिए गए और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। लगातार मारपीट के बाद जब अपराधियों को लगा कि राजेश की मौत हो चुकी है, तो उसे मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए।


सुबह ग्रामीणों की नजर जब सड़क किनारे पड़े घायल राजेश पर पड़ी, तो गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही धोरैया थाना की पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल से पूछताछ की। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मामला गंभीर है, सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


इस सनसनीखेज वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है।


रिपोर्ट: संजीत गोस्वामी
अंग संदेश:
🇳🇪जय हिंद जय भारत 🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!