धोरैया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 5.2 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

बांका। दिनांक 22 अप्रैल 2026 को धोरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा की एक बड़ी खेप बरामद की है। यह कार्रवाई नवादा-धोरैया मुख्य मार्ग स्थित मन्नीहाट चौक के समीप वाहन चेकिंग के दौरान की गई।
मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बांका के पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र नाथ वर्मा ने बताया कि धोरैया थाना अध्यक्ष सह इंस्पेक्टर अमित कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के दौरान एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में उनके पास से चार पैकेट में रखा कुल 5 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने मौके से दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोरा डिह थाना क्षेत्र के सालपुर गांव निवासी भवेश मंडल और सबौर थाना क्षेत्र के सिमरो गांव निवासी कांग्रेस मंडल के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान बारकोप डेरु गांव निवासी शंकर पोद्दार के रूप में की गई है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त बाइक और दो मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। इस संबंध में तीनों आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में बांका जेल भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!