पंजवारा–गोड्डा मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, ट्रक की चपेट में आई महिला की मौके पर मौत

पंजवारा (बांका), प्रतिनिधि:
पंजवारा–गोड्डा मुख्य मार्ग पर गुरुवार को दुर्गा मंदिर हटिया के समीप मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, बाइक असंतुलित होकर गिर गई, जिससे महिला विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर कुचल गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
मृतका की पहचान शंभुगंज थाना क्षेत्र के केंदुआर निवासी अश्वनी भगत की पत्नी मीना देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पति के साथ झारखंड के गोड्डा जिला स्थित रिश्तेदार के घर गृह प्रवेश कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान दुर्गा मंदिर हटिया के पास बने ब्रेकर पर बाइक असंतुलित हो गई और यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना की खबर मिलते ही पंजवारा बाजार में मौजूद परिजन व रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए।
ब्रेकर और जाम बना हादसे की बड़ी वजह
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा मंदिर हटिया के पास बना ब्रेकर अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनता है। अचानक ब्रेकर आने से वाहन चालक संतुलन खो देते हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। पूर्व में भी यहां कई लोग घायल हो चुके हैं।
हाट के दिन सड़क किनारे खड़े रहते हैं वाहन
गुरुवार को साप्ताहिक हाट लगने के कारण सड़क किनारे ई-रिक्शा व अन्य वाहन खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति बनती है। इससे छोटी गाड़ियों को भी काफी परेशानी होती है और हादसे की आशंका बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने हाट के दिन भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!