बीसकोरबा गांव में शिव, मां पार्वती एवं नंदी बाबा मंदिर में प्रतिमा स्थापना, भक्ति माहौल में निकली भव्य शोभायात्रा

बांका, बिहार: बांका जिले के बीसकोरबा गांव में शिव, मां पार्वती एवं नंदी बाबा मंदिर में विधि-विधान के साथ प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर गांव में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में गांव और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालु, महिला-पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग एवं युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान शिव, मां पार्वती एवं नंदी बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु जुलूस के रूप में गाजे-बाजे और जयकारों के साथ गांव भ्रमण पर निकले। पूरे गांव में भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।


प्रतिमा स्थापना के बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके साथ ही 24 घंटे का रामधुन एवं श्रीकृष्ण कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर भक्ति रस में सराबोर हुए।
इस धार्मिक अनुष्ठान में आचार्य रूपेश सिंह एवं उनकी पत्नी रीमा सिंह, पन्ना सिंह तथा मनीषा सिंह ने जजमान के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त ग्रामवासियों का सहयोग सराहनीय रहा। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने में हजारों श्रद्धालुओं का सहयोग एवं सहभागिता प्राप्त हुई।
ग्रामीणों ने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे को भी मजबूत करने का कार्य करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!