धोरैया थाना परिसर में बकरीद को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित, आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की अपील

धोरैया | सोमवार, 25 मई 2026: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को धोरैया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने की। इस दौरान सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह, प्रभारी थानाध्यक्ष सूरज कुमार वैभव, एसआई आसिफ अख्तर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में थाना क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य रफीक आलम, मुखिया अमरेंद्र कुमार, मुखिया प्रतिनिधि मोहम्मद अनवर, मोहम्मद हासिम, परवेज अख्तर, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष गिरीश पासवान, भाजपा जिला मंत्री गणेश कुमार गुंजन, आकाश सिंह और शहादत हुसैन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


बैठक में जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और दोनों समुदायों के लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी उपस्थित सदस्यों ने बकरीद पर्व को आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान क्षेत्र में विधि-व्यवस्था को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई और पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए।
एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा ने अपने संबोधन में कहा कि बकरीद मुस्लिम समुदाय का एक महत्वपूर्ण पर्व है और इसे शांति एवं सामाजिक सद्भाव के माहौल में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्व को लेकर पूरी तरह सतर्क और सजग है। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाएगी।
उन्होंने सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, अफवाह फैलाने वाली या भड़काऊ पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही आम लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस प्रशासन को देने का आग्रह किया, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।


बैठक के दौरान कुर्बानी के बाद अपशिष्ट को सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने की अपील की गई। वहीं नमाज के दौरान बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी प्रशासन के समक्ष रखी गई, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े।
रिपोर्ट : संजीत गोस्वामी | चीफ ब्यूरो, धोरैया (बांका)
जय हिंद – जय भारत 🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!