
धोरैया (बांका)। बांका जिले के धोरैया प्रखंड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में मंगलवार, 9 जून 2026 को गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर के दौरान कुल 285 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच में हीमोग्लोबिन, वजन, ऊंचाई, रक्त जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए गए। वहीं विभिन्न स्वास्थ्य एवं कल्याण केंद्रों (एचडब्ल्यूसी) पर भी 125 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई।

जांच के दौरान 25 महिलाओं में हीमोग्लोबिन का स्तर कम पाया गया, जिन्हें विशेष निगरानी में रखा गया। वहीं 11 महिलाओं को हीमोग्लोबिन स्तर बढ़ाने के लिए आयरन सुक्रोज थेरेपी दी गई। अन्य महिलाओं को आवश्यक परामर्श देकर आगामी 21 जून को पुनः जांच के लिए बुलाया गया है।
शिविर में डॉ. नैंसी कुमारी, रेखा रजक, रुपाली कुमारी एवं सुरभि सिन्हा सहित सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ), एएनएम एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी गर्भवती महिलाओं को पोषणयुक्त नाश्ता भी उपलब्ध कराया गया, जिसमें केला, अंडा, सेब एवं अनार शामिल थे।

अस्पताल प्रबंधक अवध किशोर श्यामला ने बताया कि गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी एवं सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जांच शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच, उचित उपचार एवं पोषण संबंधी जागरूकता से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, ऐसे शिविरों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर सुरक्षित मातृत्व अभियान को मजबूती प्रदान की जा रही है।
रिपोर्ट: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया (बांका)
अंग संदेश न्यूज़
