सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 485 गर्भवती महिलाओं की हुई स्वास्थ्य जांच

धोरैया (बांका): बिहार के बांका जिला अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, धोरैया में गुरुवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष एएनसी (ANC) जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की नियमित जांच कर सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करना था।
शिविर में कुल 485 गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान एएनसी, रक्तचाप (BP), ब्लड शुगर, लंबाई (Height), वजन (Weight), हीमोग्लोबिन (HB), एचआईवी (HIV) सहित अन्य आवश्यक जांच की गई तथा चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया।


जांच के दौरान 80 सामान्य प्रसव योग्य गर्भवती महिलाओं की पहचान की गई, जबकि 15 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं को बेहतर चिकित्सकीय देखभाल एवं उपचार के लिए उच्च संस्थान में भेजा गया।
इसके अलावा, जिन गर्भवती महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई, उन्हें चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आयरन सुक्रोज (Iron Sucrose) चढ़ाया गया। यह उपचार उन गर्भवती महिलाओं को दिया जाता है, जिनमें हीमोग्लोबिन का स्तर कम होता है और आयरन की पूर्ति शीघ्र करना आवश्यक होता है।
शिविर में शामिल सभी गर्भवती महिलाओं को नाश्ते के रूप में सेब, केला, उबला अंडा एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।


इस अवसर पर डॉ. ज्योति राजवाड़ा, डॉ. रेखा कुमारी, डॉ. नेनसी कुमारी, डॉ. रुपाली सिंह एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं उनके गर्भस्थ शिशु के स्वास्थ्य को सुरक्षित रखना तथा सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है।

रिपोर्ट : अंग संदेश न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!