Banka SP जनता के बीच | पंजवारा थाना में जनता दरबार | जमीन विवाद से साइबर तक

पंजवारा (बांका)।
शुक्रवार को पंजवारा थाना परिसर उस वक्त प्रशासनिक अनुशासन और जन-संवाद का सशक्त केंद्र बन गया, जब पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा (एसपी) जनता दरबार में शामिल होने पहुंचे। थाना परिसर पहुंचते ही पुलिस बल द्वारा एसपी को सलामी दी गई, जिसके बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया।
स्वागत क्रम में पंजवारा पंचायत के मुखिया भोला पासवान द्वारा एसपी को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान सरपंच मुकेश दास, पूर्व जिला परिषद सदस्य विजय किशोर सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता राममोहन ठाकुर, रमेश मंडल, रामजी भगत, महेश मंडल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


सम्मान कार्यक्रम के उपरांत एसपी ने मंच पर आसन ग्रहण किया, जिसके बाद जनता दरबार की विधिवत शुरुआत हुई। जनता दरबार में थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं एसपी के समक्ष रखीं।
जनता दरबार के दौरान भूमि विवाद, आपसी झगड़े, घरेलू विवाद, चोरी, असामाजिक गतिविधियां एवं साइबर अपराध से जुड़े कई मामलों की शिकायतें सामने आईं। एसपी ने सभी फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।


जनता दरबार को संबोधित करते हुए एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में जाकर जनता से सीधा संवाद करें और उनकी पीड़ा को समझें।
एसपी ने साइबर अपराध को वर्तमान समय की बड़ी चुनौती बताते हुए आमजन को सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशीले पदार्थ समाज को अंदर से खोखला कर रहे हैं।
जनता दरबार में ग्रामीणों ने बाइक से स्टंट करने वाले युवकों, चोरी की बढ़ती घटनाओं और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग रखी। इस पर एसपी ने दो टूक कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।


मौके पर एसडीपीओ इंजीनित बैठा, सर्किल इंस्पेक्टर कृष्णानंद सिंह, थानाध्यक्ष चंदन कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। जनता दरबार में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।
जनता दरबार के आयोजन से स्पष्ट संदेश गया कि पुलिस जनता के साथ खड़ी है और हर फरियादी की आवाज सुनी जाएगी।

रिपोर्टर संजीतगोस्वामी
अंग संदेश
अंग की आवाज सच का संदेश
जय हिंद जय भारत 🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!