
गोड्डा/पंजवारा |दिनांक,24/12/2825
झारखंड और बिहार के सीमावर्ती क्षेत्रों में इन दिनों कुदरत का कहर कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के रूप में बरस रहा है। बुधवार को गोड्डा जिले के डुमरिया-मोतिया मुख्य सड़क मोड़ पर नजारा बिल्कुल बदला हुआ था। कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं के कारण इस व्यस्त मार्ग पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा। जो भी राहगीर सड़क पर निकले, वे अपनी जान जोखिम में डालकर और बहुत ही सावधानी के साथ वाहन चलाते दिखे। ठंड का आलम यह है कि दोपहर में भी सुबह जैसा नजारा बना रह रहा है।

सीमा पर सर्तकता, पर सन्नाटा बरकरार
झारखंड से सटे बिहार के बांका जिला अंतर्गत पंजवारा मुख्य सीमा पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है। पंजवारा चेक पोस्ट पर पुलिस के जवान अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद हैं, लेकिन आम दिनों की तुलना में वाहनों और राहगीरों की संख्या काफी कम रही। पुलिस के जवानों को भी इस हाड़ कंपा देने वाली ठंड में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पंजवारा बाजार की रफ्तार थमी
पंजवारा बाजार की ओर रुख करने पर भी स्थिति वैसी ही नजर आई। दुकानें खुली तो हैं, लेकिन ग्राहकों के न होने से दुकानदार मायूस दिखे। बाजार के चौक-चौराहों पर लोग अलाव जलाकर खुद को बचाने की कोशिश करते देखे गए। ‘अंग संदेश’ के माध्यम से आम जनता ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि प्रमुख स्थानों पर अलाव की व्यवस्था जल्द से जल्द की जाए ताकि राहगीरों और गरीबों को राहत मिल सके।

सावधानी बरतने की अपील
मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। ‘अंग संदेश’ अपने पाठकों से अपील करता है कि बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और गर्म कपड़ों का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें।
रिपोर्ट: संजीत गोस्वामी
अंग संदेश।
अंग की आवाज सच का संदेश।
जय हिंद जय भारत🇳🇪
