
बांका (अहिरो गांव से रिपोर्ट):
बांका जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाएं आमजन के लिए चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ताजा मामला अहिरो गांव का है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से एक पैदल यात्री और बाइक सवार दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अहिरो गांव निवासी जॉनी मंडल (उम्र 40 वर्ष), पिता – सत्यनारायण मंडल सड़क किनारे पैदल जा रहे थे। इसी दौरान मोहिनी गांव की ओर से आ रही एक मोटरसाइकिल ने अचानक नियंत्रण खो दिया और जॉनी मंडल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जॉनी मंडल कई फीट दूर जा गिर पड़े और उनके शरीर में गंभीर चोटें आईं।
वहीं मोटरसाइकिल चला रहे बिट्टू दास (उम्र 26 वर्ष), पिता – संतोष दास, निवासी मोहिनी गांव भी हादसे में बुरी तरह घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बिट्टू दास के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जिसमें उनके मुंह की दाढ़ी और ठुड्डी का हिस्सा फट गया। स्थानीय अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा उनके घावों पर तत्काल सिलाई की गई।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद बिट्टू दास की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं जॉनी मंडल का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। 112 नंबर की आपातकालीन सेवा वाहन भी घटनास्थल पर मौजूद रही, जिसके माध्यम से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इस सड़क पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी प्रक्रिया कि जा रही है।
रिपोर्टर – संजीत गोस्वामी
अंग संदेश
जय हिंद 🇮🇳 | जय भारत 🇮🇳
