मकर संक्रांति पर मंदार हिल में आस्था का महासंगम, पापहरणी सरोवर में स्नान कर श्रद्धालुओं ने पाया पुण्य लाभ

बांका (बिहार):
बिहार के बांका जिला स्थित विश्व प्रसिद्ध पौराणिक तीर्थ स्थल मंदराचल पर्वत (मंदार हिल) में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। अहले सुबह से ही पापहरणी सरोवर के तट पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दूर के गांवों एवं जिलों से आए भक्तों ने पवित्र स्नान कर पुण्य अर्जित किया।
पुराणों में वर्णित मान्यताओं के अनुसार मंदार हिल वही स्थान है जहाँ देवताओं और असुरों द्वारा समुद्र मंथन किया गया था, जिसे संसार आज भी “कर मथनी (समुद्र मंथन)” के नाम से जानता है। इस पावन क्षेत्र में स्थित पापहरणी सरोवर के मध्य भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी का प्राचीन मंदिर आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहाँ दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।


मकर संक्रांति के अवसर पर भक्तों का उत्साह चरम पर रहा। श्रद्धालु सीढ़ियों के माध्यम से भक्ति भाव से मंदार पर्वत की चढ़ाई करते नजर आए, वहीं कई लोगों ने रोप-वे (ट्रॉली सेवा) का भी लाभ लिया। पर्वत शिखर पर स्थित भगवान गौतम बुद्ध का मंदिर भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
पापहरणी सरोवर को लेकर मान्यता है कि यहाँ स्नान करने से सभी पापों से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के चलते भारी संख्या में श्रद्धालु सरोवर में आस्था की डुबकी लगाते दिखे।
पर्व के मौके पर मंदार क्षेत्र में भव्य मेला का आयोजन भी किया गया, जहाँ पूजा सामग्री, घरेलू सामान, खिलौने व खानपान की दुकानों पर लोगों की काफी भीड़ देखी गई। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।


कुल मिलाकर मकर संक्रांति के पावन अवसर पर मंदार हिल में धर्म, आस्था और पौराणिक विरासत का भव्य संगम देखने को मिला, जिसने एक बार फिर मंदार हिल की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता को सिद्ध किया।


रिपोर्टर: संजीत गोस्वामी
         अंग संदेश।

जय हिंद, जय भारत 🇮🇳

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!