
बांका।
बांका जिला के धोरैया प्रखंड अंतर्गत चंदाड़ी पंचायत के कुसमी गांव स्थित कचहरी फील्ड में आयोजित होने वाले मांघी काली माता मेले के उद्घाटन कार्यक्रम में जमुई जिले की विधायक एवं बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह शामिल हुईं। इस अवसर पर मेला परिसर में भारी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं एवं पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा फूल-मालाओं, गुलदस्ते और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से मांघी काली माता का आशीर्वाद लेकर मंत्री का अभिनंदन किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावुक और श्रद्धामय हो गया।

उद्घाटन कार्यक्रम में चंदाड़ी पंचायत के सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिनमें पंचायत प्रतिनिधि अनिल बाबू, चंदन सिंह, मुखिया अभय प्रताप सिंह, विवेक कुमार सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल थे।
अपने संबोधन में खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि मांघी काली माता का मेला क्षेत्र की धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, युवाओं को खेल से जोड़ने और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि वह जमुई जिले के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह की पुत्री हैं और जनसेवा की प्रेरणा उन्हें अपने परिवार से मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और विकास संबंधी प्रस्तावों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा सड़क, शिक्षा, खेल मैदान और अन्य विकास कार्यों से संबंधित मांगें मंत्री के समक्ष रखी गईं, जिस पर उन्होंने सकारात्मक पहल का भरोसा दिलाया।
रिपोर्टर: संजीत गोस्वामी
बांका जिला, बिहार धोरैया प्रखंड
