
धोरैया (बांका), 15 फरवरी 2026: बिहार के बांका जिला अंतर्गत प्रखंड धोरैया थाना परिसर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भगवान शिव के दिव्य विवाह उत्सव का आयोजन बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। पूरा थाना परिसर शिवमय हो उठा और “हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा।
कार्यक्रम के तहत शिव महादेव की भव्य बारात डीजे की मंगलमयी धुनों के साथ शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से निकाली गई। बराती बनकर गांव-ग्राम धोरैया प्रखंड के सैकड़ों श्रद्धालु—मां, बहन, बच्चे, युवक एवं नवयुवक प्रतिनिधि—उत्साहपूर्वक शामिल हुए। जुलूस अनुशासन और मर्यादा के साथ पुलिस बल की मौजूदगी में संपन्न हुआ, जिससे पूरे आयोजन में शांति और सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया।

थाना के बड़ा बाबू अमित कुमार एवं उनकी धर्मपत्नी ने माता-पिता की भूमिका निभाते हुए भगवान भोलेनाथ के विवाह संस्कार को विधि-विधान से संपन्न कराया। आमंत्रित पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ लावा छिटना, सिंदूरदान, हवन में बैठना तथा आरती जैसी सभी वैवाहिक रस्में पूरी श्रद्धा और शास्त्रीय विधान के साथ सम्पन्न हुईं। विवाह में होने वाले बिद-व्यवहार की परंपरा को भी ससम्मान निभाया गया, जिससे पूरा वातावरण वास्तविक वैवाहिक समारोह जैसा प्रतीत हो रहा था।
अंत में प्रसाद वितरण के साथ भव्य भंडारा कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें महादेव के बराती बने सभी भाई-बंधुओं एवं गांव-ग्राम के श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से पंक्तिबद्ध होकर प्रसाद स्वरूप भंडारा ग्रहण किया और भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक कार्यक्रम को संपन्न किया।

धोरैया थाना परिसर में आयोजित यह शिव-विवाह एवं भंडारा कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का अनुपम उदाहरण बनकर सामने आया।
संवाददाता: अंग संदेश।
व, ऑल इंडिया मीडिया
एसोसिएशन जन-जन की आवाज
जय हिंद, जय भारत🇳🇪
