गिरिडीह में प्राकृतिक धाम हनुमान गढ़ी पहाड़ की सुरक्षा को लेकर उठी मांग

संवाददाता ।अंग संदेश।

गिरिडीह (झारखंड):
जिले के पवित्र एवं प्राकृतिक आस्था केंद्र हनुमान गढ़ी पहाड़ के संरक्षण और सुरक्षा को लेकर आवाज तेज हो गई है। धाम के महंत एवं गुरुदेव आदिमागौस ट्रस्ट (एनजीओ) के महासचिव प्रकाश गिरी फलहारी बाबा ने कल्याण विभाग से पहाड़ की चारों ओर बॉर्डरिंग/घेराव (फेंसिंग) कराए जाने की मांग की है।
इस संबंध में महंत प्रकाश गिरी फलहारी बाबा ने जिला कल्याण पदाधिकारी, गिरिडीह को आवेदन सौंपते हुए बताया कि प्राकृतिक धाम हनुमान गढ़ी पहाड़ एक अत्यंत पवित्र धार्मिक एवं प्राकृतिक स्थल है, जिसका सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व क्षेत्र में काफी अधिक है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।
महंत ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि वर्तमान समय में कुछ असामाजिक एवं भटके हुए युवा पहाड़ी क्षेत्र में आकर अनुचित गतिविधियों में लिप्त हो रहे हैं। इससे न केवल धाम की पवित्रता भंग हो रही है, बल्कि स्थानीय जनकल्याण एवं सामाजिक मर्यादा पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो इस पवित्र स्थल की गरिमा और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो सकती हैं। ऐसे में स्थल के समग्र कल्याण, सुरक्षा एवं संरक्षण को ध्यान में रखते हुए पहाड़ के चारों ओर बॉर्डरिंग/घेराव (फेंसिंग) कराना अत्यंत आवश्यक है।
महंत प्रकाश गिरी फलहारी बाबा ने मांग की है कि—
असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने,
श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने,
तथा धाम के विकास एवं संरक्षण के लिए
प्राकृतिक धाम हनुमान गढ़ी पहाड़ के चारों ओर स्थायी फेंसिंग की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने जिला प्रशासन एवं कल्याण विभाग से इस विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
गौरतलब है कि ग्राम खटैया, पठरिया एवं बगोतरगढ़ी क्षेत्र से जुड़े इस प्राकृतिक धाम को स्थानीय लोग आस्था और प्रकृति का संगम मानते हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मांग पर कब तक ठोस पहल करता है।

रिपोर्टर ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की आवाज से ही जय भारत🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!