धोरैया में जनता दरबार का आयोजन, कई मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन

संवाददाता । अंग संदेश।

बांका जिला के धोरैया प्रखंड स्थित बहुउद्देशीय भवन में शनिवार, 7 मार्च 2026 को साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। हर शनिवार लगने वाले इस जनता दरबार में इस बार भी क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में जमीन से जुड़े विवाद, आपसी मतभेद, दाखिल-खारिज से संबंधित मामले समेत कई प्रकार की शिकायतें सामने आईं। मौके पर धोरैया अंचल के सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह मौजूद रहे। उनके साथ धोरैया थाना के बड़ा बाबू अमित कुमार भी पूरे समय सक्रिय नजर आए।


सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह ने एक-एक मामले को गंभीरता से सुना और संबंधित पक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं बड़ा बाबू अमित कुमार ने भी कई मामलों में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए दोनों पक्षों को समझाया और आपसी सहमति से विवाद खत्म कराने की पहल की। उनकी तत्परता और जिम्मेदारी भरे प्रयास से कई मामलों का मौके पर ही समाधान हो गया, जिससे लोगों को तुरंत राहत मिली।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना की। लोगों का कहना है कि पहले छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, कई दिनों तक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे। अब जनता दरबार के माध्यम से स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं की सुनवाई हो रही है और त्वरित समाधान मिलने से लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है।


जनता दरबार के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था भी सुव्यवस्थित नजर आई। अधिकारियों ने सभी फरियादियों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना और निष्पक्ष तरीके से समाधान की दिशा में कदम बढ़ाया। इससे आम लोगों के मन में प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होता दिखाई दिया।
जनता दरबार समाप्त होने के बाद कई लोगों के चेहरे पर संतोष और राहत की झलक साफ दिखाई दे रही थी। लोगों ने कहा कि यदि इसी तरह नियमित रूप से जनता दरबार में समस्याओं का समाधान होता रहा, तो क्षेत्र में विवाद भी कम होंगे और लोगों का भरोसा प्रशासन पर और मजबूत होगा।

रिपोर्ट,, ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की आवाज।
जय हिंद जयभारत भारत🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!