
धोरैया/बांका। बिहार एवं झारखंड को जोड़ने वाली गेरुआ नदी में सनौर गांव के समीप एक विशाल मगरमच्छ देखे जाने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मगरमच्छ की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर निगरानी में जुट गई है। प्रशासन द्वारा भी नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
वन विभाग के अधिकारी सी. रतन झा ने बताया कि नदी में बड़े मगरमच्छ की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद विभाग लगातार उसकी तलाश कर रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जब तक मगरमच्छ को सुरक्षित रूप से पकड़ नहीं लिया जाता, तब तक नदी किनारे जाने से बचें एवं बच्चों को भी नदी के आसपास न जाने दें।

प्रशासन ने नदी किनारे चौकसी बढ़ा दी है एवं लोगों व पशुओं की आवाजाही पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मगरमच्छ फिलहाल नजर नहीं आ रहा है, लेकिन उसके नदी में होने की आशंका बनी हुई है। ऐसे में अंधेरा होने के बाद नदी क्षेत्र में जाने से बचना चाहिए।
वन विभाग ने ग्रामीणों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने एवं मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत प्रशासन या वन विभाग को सूचना देने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है एवं स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
प्रशासन की अपील:
➡️ नदी किनारे अनावश्यक भीड़ न लगाएं।
➡️ बच्चों को नदी के पास न जाने दें।
➡️ पशुओं को नदी किनारे चराने से बचें।
➡️ मगरमच्छ दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें।
➡️ अंधेरे के समय नदी पार करने या किनारे जाने से परहेज करें।
रिपोर्ट : संजीत गोस्वामी
चीफ ब्यूरो, बांका, धोरैया
