
धोरैया (बांका): धोरैया प्रखंड के भेलाई पंचायत में राजस्व विभाग की ओर से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों की भूमि एवं राजस्व संबंधी समस्याओं को अधिकारियों ने गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की।
शिविर में मुख्य रूप से एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, डीसीएलआर मनीष कुमार सिंह, आरओ सुश्री काजल कुमारी सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने बारी-बारी से लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया।
शिविर के दौरान भेलाई पंचायत से कुल 62 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 42 आवेदनों का निष्पादन किया गया, जबकि 20 आवेदन लंबित हैं। वहीं चलना पंचायत से कुल 37 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 27 मामलों का निष्पादन किया गया और 10 आवेदन लंबित हैं। दोनों पंचायतों में पूर्व से कोई मामला लंबित नहीं पाया गया।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को राजस्व संबंधी प्रक्रियाओं की जानकारी दी और कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर का उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में ही सुविधाएं उपलब्ध कराना और लंबित मामलों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करना है।
शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर आवश्यक पहल की गई। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों में संतोष देखा गया।
