खगड़िया के मानसी में मंदिरा धार पर अतिक्रमण से बढ़ा बाढ़ का खतरा, सख्त कार्रवाई की मांग

खगड़िया/मानसी: नगर पंचायत मानसी के वार्ड संख्या-10 के वार्ड पार्षद व पूर्व उप प्रमुख हीरालाल यादव ने मंदिरा धार की सरकारी जमीन पर हो रहे कथित अतिक्रमण, मिट्टी भराई और अवैध बिक्री को लेकर गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि खुटिया और चकहुसैनी पंचायतों के बीच बहने वाली मंदिरा धार वर्षों से क्षेत्र की प्राकृतिक जल निकासी का प्रमुख स्रोत रही है, लेकिन लगातार हो रही मिट्टी भराई और निर्माण कार्य से इसका अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है।
हीरालाल यादव ने आरोप लगाया कि कुछ बिचौलियों द्वारा मंदिरा धार की सरकारी जमीन की अवैध बिक्री की जा रही है। साथ ही धार क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी भरकर आवासीय निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी आदेशों की अनदेखी कर कुछ सरकारी कर्मियों द्वारा भी धार क्षेत्र में मिट्टी भरकर घर और अन्य निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि यदि इसी तरह मंदिरा धार को भरकर समतल भूमि में बदला जाता रहा तो बरसात के दिनों में पानी निकासी बाधित हो जाएगी, जिससे मानसी नगर क्षेत्र में जलजमाव और बाढ़ की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
यादव ने बताया कि इस मामले को लेकर वह मुख्यमंत्री, जिला पदाधिकारी, अंचल पदाधिकारी सहित कई प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार आवेदन दे चुके हैं। उनके पास मामले से जुड़े दस्तावेज भी मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है, लेकिन अब तक धरातल पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन से मंदिरा धार की सरकारी जमीन को अतिक्रमणकारियों व बिचौलियों से मुक्त कराने, अवैध निर्माण पर रोक लगाने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। यादव ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो मानसी को भविष्य में बाढ़ और जलजमाव जैसी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

संवाददाता
अंग संदेश न्यूज़ 🇳🇪

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!