धोरैया में नए आंगनवाड़ी केंद्रों की मांग तेज, पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान ने सीडीपीओ को सौंपा आवेदन

धोरैया (बांका): ग्राम पंचायत खड़ौंन्दा जोठा में बच्चों के बेहतर भविष्य और मातृ-शिशु कल्याण सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ), धोरैया को आवेदन देकर नए आंगनवाड़ी केंद्रों की स्वीकृति की मांग की है।
आवेदन में बताया गया है कि पूर्व पंचायत समिति की बैठक में कई वार्डों में नए आंगनवाड़ी केंद्रों की आवश्यकता को लेकर प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन अब तक संबंधित विभाग की ओर से कोई स्पष्ट सूचना प्राप्त नहीं हुई है। मांग पत्र में वार्ड संख्या 11 स्थित संथाल टोला खड़ौंन्दा में मिनी आंगनवाड़ी केंद्र, वार्ड संख्या 16 मकेसर में नवसृजित आंगनवाड़ी केंद्र तथा वार्ड संख्या 12 पटवा में नवसृजित आंगनवाड़ी केंद्र की स्वीकृति की मांग की गई है।
पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। इन केंद्रों के माध्यम से बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा, पोषण, टीकाकरण संबंधी जागरूकता तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्वास्थ्य और पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि संबंधित वार्डों में आंगनवाड़ी केंद्र नहीं होने के कारण छोटे बच्चों और महिलाओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द स्वीकृति मिलती है तो क्षेत्र के सैकड़ों बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा और पोषण सेवाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
रामजी पासवान ने वरीय अधिकारियों से मांग की है कि जनहित और बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित आंगनवाड़ी केंद्रों की स्वीकृति शीघ्र प्रदान की जाए, ताकि ग्रामीण परिवारों को सरकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!