मोहर्रम पर्व को लेकर धोरैया थाना में शांति समिति की बैठक, बिना लाइसेंस ताजिया व अखाड़ा प्रदर्शन पर रोक

धोरैया, 19 जून 2026: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को धोरैया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने की। इस अवसर पर सीडीपीओ इंद्रजीत बैठा, अंचलाधिकारी श्रीनिवास कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित थाना क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, समाजसेवी, ताजिया जुलूस के खलीफा, मजार कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न पंचायतों के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में मोहर्रम पर्व के दौरान शांति, भाईचारा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित सभी लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।


थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि मोहर्रम पर्व को आपसी प्रेम, सौहार्द एवं अनुशासन के साथ मनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जुलूस के दौरान डीजे का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही प्रत्येक ताजिया एवं अखाड़ा समिति को सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम 10 सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, आवश्यक बैरिकेडिंग तथा निर्धारित मार्ग का पालन करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि धोरैया प्रखंड अंतर्गत चलना, कुर्मा, धोरैया, कराड़िया सहित सभी पंचायतों के ताजिया जुलूस एवं मोहर्रम अखाड़ा संचालकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित लाइसेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा। बिना लाइसेंस किसी भी प्रकार का ताजिया जुलूस, अखाड़ा प्रदर्शन अथवा मोहर्रम से संबंधित आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी संबंधित समितियों एवं खलीफाओं से समय रहते लाइसेंस बनवाने की अपील की गई।


बैठक में यह भी कहा गया कि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित नहीं होनी चाहिए एवं किसी भी प्रकार की मारपीट, विवाद, अफवाह अथवा असामाजिक गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के माहौल में संपन्न कराने का संकल्प लिया एवं प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
📰 अंग संदेश न्यूज़ | धोरैया
“शांति, सौहार्द और कानून का पालन ही मोहर्रम की पहचान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!