धोरैया में दूसरे दिन भी जारी रहा जन कल्याण शिविर, 17 सरकारी योजनाओं का मिला लाभ

धोरैया (बांका)। बिहार सरकार के जन कल्याण अभियान के तहत धोरैया प्रखंड मुख्यालय में गुरुवार को दूसरे दिन भी प्रखंड स्तरीय जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में आयोजित शिविर में आम लोगों को 17 महत्वपूर्ण सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई। इनमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) सहित कई अन्य

योजनाएं शामिल रहीं। लाभुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे, जबकि सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई थी। शिविर की निगरानी के लिए विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेडिकल कैंप भी लगाया गया, जहां लोगों की प्राथमिक स्वास्थ्य जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा रक्तचाप की जांच, स्वास्थ्य संबंधी परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया।
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग जॉब कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ शिविर में पहुंचे। प्रशासन की ओर से लाभुकों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया, ताकि किसी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।


बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा पात्र लाभुकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मौके पर राजस्व पदाधिकारी काजल कुमारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी विभाष कुमार, एमओ मदन मोहन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!