
बासुकीनाथ (दुमका), झारखंड।
विश्व प्रसिद्ध बाबा बासुकीनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेला 2026 की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी हैं। मंदिर प्रशासन, नगर पंचायत तथा विभिन्न विभागों की ओर से साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाबा बासुकीनाथ धाम स्थित पवित्र शिवगंगा सरोवर की सफाई एवं जल निकासी का कार्य भी किया गया।

शिवगंगा का जल स्तर कम होने और सरोवर के सूखने के बाद यहां एक ऐसा दृश्य सामने आया, जिसने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। सरोवर के तल में बनी आकृतियों को देखकर लोगों ने दावा किया कि वहां भगवान शिव के पूरे परिवार की झलक दिखाई दे रही है। श्रद्धालुओं के अनुसार इन आकृतियों में भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय, नंदी महाराज, माता पार्वती, माता मनसा देवी, भगवान भोलेनाथ सहित शिवलिंग के स्वरूप स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।
स्थानीय श्रद्धालुओं का कहना है कि शिवगंगा के भीतर दिखाई देने वाला शिवलिंग वही प्रतीत होता है, जिसके बारे में मान्यता है कि वह धरती को फाड़कर स्वयं प्रकट हुआ था। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन इस अद्भुत दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग शिवगंगा पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं का मानना है कि सावन माह के आगमन से पूर्व शिवगंगा में इस प्रकार का दृश्य दिखाई देना बाबा बासुकीनाथ की विशेष कृपा और दिव्य संकेत का प्रतीक है। वहीं प्रशासन का कहना है कि श्रावणी मेले को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
फिलहाल शिवगंगा में दिखाई दे रही इन आकृतियों की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और श्रद्धालुओं के बीच यह आस्था एवं आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
रिपोर्ट: अंग संदेश न्यूज़, बासुकीनाथ धाम (झारखंड) ।
