
धोरैया (बांका)। आगामी मुहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय कुर्मा परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, बांका एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बौंसी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में बिहार एवं झारखंड प्रशासन के अधिकारियों ने भाग लिया। झारखंड के गोड्डा जिला से अनुमंडल दंडाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं बसंतराय थाना अध्यक्ष उपस्थित रहे। वहीं बिहार की ओर से बांका एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, पु०अनि० आसिफ अख्तर, बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ श्रीनिवास कुमार सिंह, राजस्व पदाधिकारी काजल कुमारी सहित अन्य पदाधिकारी, खलीफा गण, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बैठक में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने हेतु विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह, हुड़दंग अथवा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की विशेष नजर रहेगी एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जुलूस मार्गों एवं संवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी करने का निर्णय लिया गया। साथ ही भीड़ नियंत्रण एवं सुचारु आवागमन के लिए विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा मोटरसाइकिलों के लिए अलग पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के दौरान खलीफा गणों एवं स्थानीय लोगों ने जुलूस मार्ग में जर्जर सड़क, टूटी नालियों एवं जलजमाव की समस्या से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर प्रशासन ने आश्वासन दिया कि मुहर्रम पूर्व आवश्यक मरम्मत, सफाई एवं मार्ग सुधार कार्य कराया जाएगा ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न न हो।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था, पानी के टैंकर उपलब्ध कराने एवं आवश्यकतानुसार अन्य सुविधाएं मुहैया कराने पर भी सहमति बनी। अधिकारियों ने कहा कि जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। मुहर्रम के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने वालों की पहचान के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की जाएगी। शराब सेवन अथवा अशांति फैलाते पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के अंत में सभी खलीफा गण, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आपसी सहयोग, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मुहर्रम पर्व मनाने का संकल्प लिया।
रिपोर्ट : संजीत गोस्वामी, अंग संदेश न्यूज़, धोरैया,बांका।
