“मोहर्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद, धोरैया में डीएम-एसपी ने की शांति समिति की बैठक एवं फ्लैग मार्च”

धोरैया (बांका), 24 जून 2026। आगामी मोहर्रम पर्व 2026 को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को धोरैया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जिला परिषद सदस्यों, मुखिया, सरपंच, खलीफा गण एवं समाज के गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी बांका अंशुल अग्रवाल एवं पुलिस अधीक्षक बांका अमितेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता एवं अनुशासन का पर्व है। सभी लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुरूप पर्व मनाएं एवं क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। अधिकारियों ने अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने एवं किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की।


बैठक में एसडीएम बौंसी राजकुमार, बौंसी एसडीपीओ इंद्रजीत बैठा, धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, अंचलाधिकारी श्रीनिवास कुमार सिंह एवं अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं खलीफा गण ने भी पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने विशेष रूप से किशोर एवं युवा वर्ग पर अभिभावकों की निगरानी रखने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि 13 से 20 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की गतिविधियों पर परिवार एवं समाज के जिम्मेदार लोग नजर रखें, ताकि किसी प्रकार की अफवाह, उकसावे अथवा असामाजिक गतिविधि में उनकी भागीदारी न हो।


अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मोहर्रम जुलूस एवं अखाड़ों में किसी प्रकार के धारदार अथवा प्रतिबंधित हथियारों का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। साथ ही संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करने एवं प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।
बैठक के उपरांत जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन द्वारा धोरैया बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने एवं असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देने का कार्य किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।


प्रशासन ने सभी नागरिकों से आपसी सद्भाव, भाईचारा एवं सामाजिक एकता की मिसाल कायम करते हुए मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!