
धोरैया (बांका), 3 जुलाई।
बांका जिले के धोरैया-सनोला मुख्य मार्ग पर स्थित बैजनाथपुर पुल के जर्जर एवं ऊबड़-खाबड़ एप्रोच पर शुक्रवार की शाम करीब 6:00 बजे एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक की पहचान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर विपुल कुमार दत्ता (40 वर्ष) के रूप में हुई। वे स्वर्गीय भूपेंद्र नारायण दत्ता के पुत्र एवं महात्मा गांधी नगर, बिहाइंड अवध अपार्टमेंट, कंकड़बाग, संपतचक (पटना) के निवासी थे। जानकारी के अनुसार वे वर्तमान में भागलपुर में किराये के मकान में परिवार के साथ रहते थे। परिवार में पत्नी, एक पुत्र एवं एक पुत्री हैं। वे चोलामंडलम कंपनी में फाइनेंसर मैनेजर के पद पर कार्यरत थे तथा उनकी पोस्टिंग बांका में थी।

बताया जाता है कि शुक्रवार की शाम ड्यूटी समाप्त कर वे अपने आवास लौट रहे थे। इसी दौरान बैजनाथपुर पुल के एप्रोच पर उनकी बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल-112 पुलिस एवं एंबुलेंस को सूचना दी। घायल को आनन-फानन में धोरैया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चोलामंडलम कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी अस्पताल पहुंचे। वहीं धोरैया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया।

धोरैया थाना अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए बांका सदर अस्पताल भेजा जाएगा तथा मामले की जांच की जा रही है।
इधर स्थानीय लोगों का कहना है कि बैजनाथपुर पुल का एप्रोच लंबे समय से जर्जर एवं असमान बना हुआ है, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने जनप्रतिनिधियों, संबंधित विभाग एवं जिला प्रशासन से पुल के एप्रोच की शीघ्र मरम्मत कराने और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
संवाददाता । अंत संदेश न्यूज़
