धान गबन मामले में फरार पैक्स अध्यक्ष के घर कुर्की-जब्ती, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

धोरैया (बांका)।
बांका जिले के धोरैया प्रखंड अंतर्गत अहिरो गांव निवासी धान गबन मामले में फरार चल रहे पैक्स अध्यक्ष साकेत कुमार के घर न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। यह कार्रवाई कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच न्यायालय द्वारा दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति के बाद की गई।
धोरैया थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी संजीव कुमार के आवेदन पर धोरैया थाना में अहिरो निवासी पैक्स अध्यक्ष साकेत कुमार, प्रबंधक अक्षय कुमार एवं कार्यकारिणी सदस्यों के विरुद्ध धान गबन से संबंधित प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से ही साकेत कुमार फरार चल रहे थे। न्यायालय में उपस्थित होने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए, लेकिन उनके हाजिर नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के आलोक में उनके घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई।


थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में पैक्स प्रबंधक अक्षय कुमार को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। वहीं, अन्य फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
संवाददाता अंग संदेश न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!