भतुआचक विद्यालय में जलजमाव की समस्या बनी नासूर, प्रखंड प्रमुख रंजू देवी ने किया स्थल निरीक्षण

धोरैया (बांका)।
धोरैया प्रखंड की सिझत बलियास पंचायत अंतर्गत भतुआचक स्थित प्रोन्नत मध्य विद्यालय एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जलजमाव की गंभीर समस्या की सूचना मिलते ही प्रखंड प्रमुख रंजू देवी स्वयं विद्यालय पहुंचीं एवं पूरे परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिक्षकों, ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से विस्तारपूर्वक बातचीत कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में कीचड़युक्त जलजमाव की स्थिति पाई गई। परिसर में जमा पानी के कारण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विद्यालय आने-जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर कीचड़ होने से बच्चे फिसलकर गिर जाते हैं, जबकि मूसलाधार बारिश होने पर पानी कक्षाओं तक पहुंच जाने से पठन-पाठन प्रभावित हो जाता है।
मौके पर मौजूद शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने बताया कि हल्की बारिश के बाद भी विद्यालय परिसर में पानी भर जाता है। इससे विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं पढ़ाई प्रभावित होती है। एक पूर्व वार्ड सदस्य ने जानकारी दी कि नाला निकासी मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वर्षा का पानी विद्यालय परिसर में जमा हो जाता है, जिससे यह समस्या लगातार बनी हुई है।


विद्यालय के शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर में पक्के नाले का निर्माण, विद्यालय के एप्रोच रोड से प्रत्येक कक्षा तक पक्का मार्ग निर्माण एवं पूरे विद्यालय परिसर की घेराबंदी कराने की मांग की। उनका कहना था कि इन मूलभूत सुविधाओं के अभाव में विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
प्रखंड प्रमुख रंजू देवी ने संबंधित समस्या को गंभीर बताते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वस्त किया कि विद्यालय की वस्तुस्थिति से जिला पदाधिकारी को अवगत कराया जाएगा एवं जय राम जी के माध्यम से आवश्यक कार्य कराए जाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्होंने विधायक मनीष कुमार को भी इस समस्या से अवगत करा दिया है, ताकि प्रशासनिक एवं जनप्रतिनिधियों के समन्वय से स्थायी समाधान सुनिश्चित कराया जा सके। उन्होंने कहा कि अस्थायी समाधान के लिए भी प्रशासनिक सहयोग से हरसंभव पहल की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों को जल्द राहत मिल सके।
प्रखंड प्रमुख रंजू देवी ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अधिकार है। विद्यालय परिसर में जलजमाव जैसी समस्या का स्थायी समाधान कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए हर स्तर पर प्रभावी पहल की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान युवा जदयू प्रदेश महासचिव आलोक कुमार, विद्यालय के शिक्षक, ग्रामीण एवं अन्य स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!