
इस्लामपुर में सम्मेलन स्थल का निरीक्षण, बड़ी दुर्गा स्थान के दक्षिण गोस्वामी मार्केट परिसर में होगा आयोजन
इस्लामपुर (नालंदा), बिहार।
गोस्वामी समाज को संगठित, जागरूक एवं सशक्त बनाने के उद्देश्य से गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन भारत द्वारा आगामी 12 जुलाई को आयोजित होने वाले भव्य गोस्वामी चेतना सम्मेलन की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंचने लगी हैं। सम्मेलन को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के लिए संगठन के पदाधिकारी लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं।
इसी क्रम में फाउंडेशन के बिहार प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव गिरि एवं नवनियुक्त बिहार प्रदेश सचिव दीपक गोस्वामी ने नालंदा जिले के इस्लामपुर पहुंचकर प्रस्तावित सम्मेलन स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के उपरांत सर्वसम्मति से इस्लामपुर प्रखंड स्थित बड़ी दुर्गा स्थान के दक्षिण, गोस्वामी मार्केट परिसर को सम्मेलन स्थल के रूप में अंतिम रूप दिया गया।

निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम की संपूर्ण रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। मंच व्यवस्था, विशिष्ट अतिथियों एवं समाजबंधुओं के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, स्वागत, पेयजल, सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। साथ ही सम्मेलन को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए विभिन्न समितियों के गठन तथा समाज के अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस अवसर पर बिहार प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव गिरि ने कहा कि गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन भारत समाज में एकता, शिक्षा, सामाजिक उत्थान, युवा जागरूकता एवं संगठनात्मक मजबूती के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने समाज के सभी सम्मानित अभिभावकों, युवाओं एवं मातृशक्ति से 12 जुलाई को आयोजित होने वाले इस भव्य सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
वहीं नवनियुक्त बिहार प्रदेश सचिव दीपक गोस्वामी ने कहा कि यह सम्मेलन समाज में नई चेतना, नई ऊर्जा एवं संगठनात्मक मजबूती का संदेश देगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के माध्यम से समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की जाएगी तथा भविष्य की योजनाओं को अंतिम स्वरूप प्रदान किया जाएगा।
गौरतलब है कि गोस्वामी कल्याण फाउंडेशन भारत समाज के सर्वांगीण विकास, आपसी भाईचारे एवं संगठनात्मक एकता को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्यरत है। ऐसे में नालंदा के इस्लामपुर में आयोजित होने वाला यह भव्य गोस्वामी चेतना सम्मेलन समाज के इतिहास में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक आयोजन बनने की ओर अग्रसर माना जा रहा है। ::: संवाददाता अंग संदेश न्यूज़
