
धोरैया (बांका): बिहार सरकार के “विकसित भारत–समृद्ध बिहार, सहयोग शिविर – सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान के तहत मंगलवार को धोरैया प्रखंड की करहरिया पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ आमजन तक पहुंचाना रहा।

शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार, अंचल अधिकारी अनुज कुमार झा, बीपीआरओ अनुपम अनुराग, विकास मित्र सुनीता कुमारी, स्वच्छता प्रवेक्षक सुधीर यादव, डीसीएलआर, जिला स्तर से आए पदाधिकारी, प्रखंड एवं पंचायत स्तर के सभी विभागीय अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि जन समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के पहले एवं तीसरे मंगलवार को प्रखंड की सभी पंचायतों में सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि लोगों को सरकारी कार्यालयों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें और योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनी गईं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। उपस्थित अधिकारियों ने ग्रामीणों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और किसी भी समस्या के समाधान के लिए सहयोग शिविर का उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम का समापन सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में किया गया।
