
धोरैया (बांका): धोरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत अहीरो गांव के समीप बुधवार को तेज रफ्तार बाइक ने सड़क किनारे पैदल चल रहे एक वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वृद्ध समेत बाइक चालक दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अहीरो गांव निवासी 55 वर्षीय आनंदी दास खेत में काम कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे चल रहे आनंदी दास को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिस कारण चालक संतुलन नहीं बना सका। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आनंदी दास कई फीट दूर जा गिरे, जबकि बाइक चालक भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
बाइक चालक की पहचान धोरैया थाना क्षेत्र के रघुनिकित्ता गांव निवासी मंडलेश्वर यादव के 25 वर्षीय पुत्र अनुज कुमार के रूप में की गई है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को उठाया और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धोरैया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया।

सूचना मिलते ही धोरैया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने और नियमित वाहन जांच की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके
जय हिंद जय भारत🇳🇪
रिपोर्टर: संजीत गोस्वामी
अंग संदेश । अंग की आवाज –
सच का संदेश
