धोरैया के डॉ. भीमराव अंबेडकर ग्राउंड में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य आगाज़, 10 वर्षीय हर्षित ने बटोरी सुर्खियां

धोरैया (बांका)।
संवाददाता । अंग संदेश।

बिहार के बांका जिला अंतर्गत धोरैया प्रखंड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ग्राउंड में एनसीसी धोरैया के तत्वावधान में नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्रखंड प्रमुख श्री आलोक तुषार का विशेष सहयोग रहा। टूर्नामेंट का शुभारंभ फुलझड़ी, लौकी, चरखी और पटाखों की आतिशबाजी के साथ बड़े ही धूमधाम से किया गया। उद्घाटन समारोह में हजारों की संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे, जिससे पूरा मैदान उत्साह और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मैच का विधिवत उद्घाटन प्रखंड पदाधिकारी अरविंद कुमार, अंचल पदाधिकारी श्रीनिवास जी एवं प्रमुख रंजू देवी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने खेल को युवा पीढ़ी के सर्वांगीण विकास का माध्यम बताते हुए ऐसे आयोजनों को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया।


इस अवसर पर एनसीसी के सदस्य अमरजीत, संजय, जिला परिषद गुड्डू सिंह, सन्नी, मिथलेश, अमन, सौरभ एवं विश्वजीत जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ दर्शकों के लिए भी बेहतर व्यवस्थाएं की थीं।
10 वर्षीय हर्षित बना आकर्षण का केंद्र
टूर्नामेंट का एक अहम और प्रेरणादायक पहलू रहा लगभग 10 वर्षीय हर्षित सिंह, जो डेरु गांव का निवासी है। हर्षित ने अपने पिता के साथ मैदान में उतरकर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। उसकी बल्लेबाजी शैली और आत्मविश्वास ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेलप्रेमियों ने उसके शॉट्स में उभरते सितारे और युवा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की झलक देखी। इतनी कम उम्र में उसका जज्बा और खेल के प्रति समर्पण क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है।
धोरैया में आयोजित यह नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट खेल और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बना। स्थानीय स्तर पर प्रतिभाओं को मंच देने की यह पहल निश्चित रूप से भविष्य में और बड़े खिलाड़ियों को जन्म देगी।

रिपोर्ट ,, ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन जन जन की
आवाज़
जय हिंद, जय भारत। 🇮🇳

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!