
धोरैया (बांका) | अंग संदेश ।
केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आगामी 18 जून 2026 को आयोजित होने वाले सहयोग-सह-जन कल्याण शिविर की तैयारियों को लेकर शनिवार, 13 जून 2026 को धोरैया प्रखंड मुख्यालय स्थित बहुउद्देशीय भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अरविंद कुमार ने की।
बैठक में प्रखंड प्रमुख रंजू देवी, बीपीआरओ अनुपम अनुराग, आरओ एवं जीविका बीपीएम सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान शिविर की तैयारियों, विभागवार जिम्मेदारियों एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बीडीओ अरविंद कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार 18 जून को राज्य के सभी 534 प्रखंडों में एक साथ जन कल्याण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का मुख्य उद्देश्य विभिन्न योजनाओं से जुड़े लंबित आवेदनों का निष्पादन, केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करना एवं पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना है।
शिविर में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, 70 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, पीएम स्वनिधि योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं छात्रवृत्ति योजनाएं, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, दिव्यांग कल्याण योजनाएं, निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड एवं मुख्यमंत्री स्वयं सहायता भत्ता योजना सहित अन्य योजनाओं से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग काउंटर स्थापित किए जाएंगे। संबंधित विभागों के नोडल पदाधिकारी तैनात रहेंगे एवं लाभुकों के मार्गदर्शन के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की जाएगी। शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में मुखिया अमरेंद्र कुमार, रजनीश कुमार, ब्रह्मदेव सिंह, पंचायत समिति सदस्य रामजी पासवान, मुखिया प्रतिनिधि मो. अनवर, जितेंद्र भारती, भाजपा नेता गणेश कुमार गुंजन सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जय हिंद जयभारत 🇳🇪
